केंद्रीय कोयला, खान और संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने सीआईएल की तीन सीएसआर पहलों का किया उद्घाटन
(जी.के.मदान)
सिंगरौली। दिन गुरुवार 01 फरवरी को केंद्रीय कोयला, खान और संसदीय मामलों के मंत्री, प्रल्हाद जोशी ने 31 जनवरी, 2024 को एजुकेशनल कंसल्टेंट्स लिमिटेड (ईडीसीआईएल), नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और टाटा स्ट्राइव के सहयोग से कोल इंडिया लिमिटेड की निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत तीन पहलों का उद्घाटन किया। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ और ‘डिजिटल भारत’ दृष्टिकोण को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस शुभ अवसर पर कोयला मंत्रालय के सचिव अमृत लाल मीना, कोयला मंत्रालय की अपर सचिव रूपिंदर बराड़ और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
इस दौरान कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) और एजुकेशनल कंसल्टेंट्स इंडिया लिमिटेड (ईडीसीआईएल) के बीच कोयला क्षेत्रों में 12 वीं तक के स्कूलों में स्मार्ट कक्षाओं और कंप्यूटर प्रयोगशाला के माध्यम से डिजिटल शिक्षा प्रदान करने हेतु एमओयू किया गया है। साथ ही इस पहल के तहत 27.08 करोड़ रुपए खर्च के साथ एक हजार स्मार्ट क्लासरूम बनाने का प्रावधान है जिस से 200 स्कूलों को लाभ होगा।
इसी कड़ी में कोयला क्षेत्र के आसपास के समुदायों के युवाओं को कौशल प्रदान करने के लिए, कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने अपनी सभी अनुषंगी कंपनियों में बहु-कौशल विकास संस्थान स्थापित करने हेतु राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के साथ एक समझौता ज्ञापन किया है। इसका व्यापक उद्देश्य युवाओं को आधारभूत सर्वेक्षण और बाजार की आवश्यकताओं के आधार पर अपेक्षित कौशल से लैस करना है। बहु-कौशल विकास संस्थान 2024-25 में पायलट आधार पर सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) और भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में शुरू किए जाएंगे और बाद में अन्य कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) सहायक कंपनियों में बढ़ाए जाएंगे।
इसके अलावा कोयला खदानों के परिधीय क्षेत्र में 655 बेरोजगार युवाओं को रोजगार सुनिश्चित करने के लिए, कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने टाटा स्ट्राइव के साथ एक एमओयू किया है। इसमें चार केंद्रों – नागपुर, वाराणसी, कामरूप- असम और छिंदवाड़ा के माध्यम से सहायक इलेक्ट्रीशियन, कॉमिस शेफ, एफ एंड बी स्टीवर्ड, हाउसकीपिंग और फ्रंट ऑफिस सहयोगियों के क्षेत्र में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसी तर्ज पर टाटा स्ट्राइव के साथ चलाए जा रहे एक पायलट योजना में प्रशिक्षुओं को 100% रोजगार का आश्वासन दिया गया है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भारत के विकास और समुदायिक सशक्तिकरण की दिशा में एक जिम्मेदार सहयोगी होने के लिए कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) की सराहना की।
