सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर श्रद्धा और स्वच्छता का संगम
*डीएम चर्चित गौड़ की मौजूदगी में प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ लाइव प्रसारण*
(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)
सोनभद्र। 11 मई 2026 को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर जनपद सोनभद्र में श्रद्धा, स्वच्छता और सांस्कृतिक गौरव का अद्भुत संगम देखने को मिला। कलेक्ट्रेट सभागार सहित विभिन्न विकास खंड परिसरों में प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की मौजूदगी में अधिकारियों, कर्मचारियों, महिलाओं एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक सुना।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह तथा सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश भारती सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में जनपद के विभिन्न शिवालयों और मंदिर परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। मंदिरों की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं परिसर व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। वहीं श्रद्धालुओं द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार, रुद्राभिषेक, पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ पर्व को श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया गया। धार्मिक आयोजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की स्वच्छता और संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं।

उन्होंने जनपदवासियों से स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने तथा धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, धर्माचार्य, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
