रेणुकूट के रोमेल ओमकार ने बढ़ाया मान, राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल बेलगाम में पाया प्रवेश
“मेहनत और अनुशासन का मिला प्रतिफल, रेणुकूट के रोमेल ओमकार ने राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल बेलगाम में पाई सफलता”
(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)
रेणुकूट (सोनभद्र)। हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट में मैनेजर सिक्योरिटी के पद पर कार्यरत मेजर देवेंद्र ओमकार के पुत्र रोमेल ओमकार ने कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET) उत्तीर्ण कर देश के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल (RMS), बेलगाम में प्रवेश प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
रेणुकूट स्थित आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल के छात्र रोमेल की इस उल्लेखनीय सफलता से हिंडालको परिवार सहित पूरे नगर में खुशी और गर्व का माहौल है। कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर रोमेल ने यह उपलब्धि हासिल की है।
राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल देश के प्रमुख सैन्य शिक्षण संस्थानों में शामिल है, जहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्र आगे चलकर भारतीय सशस्त्र बलों में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। ऐसे प्रतिष्ठित संस्थान में चयन को बड़ी उपलब्धि माना जाता है।
रोमेल की सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है। परिवारजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सुनहरे करियर की कामना की है।
