नव विवाहिता ने लगाई फांसी, पुलिस जांच में जुटी
(आदित्य सोनी)
पिपरी (सोनभद्र)। दिन गुरुवार 06 मार्च 2025 को पिपरी थाना अंतर्गत न्यू मार्केट क्षेत्र में एक नव विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पिपरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका मूल रूप से मध्य प्रदेश के बैढ़न जिले की रहने वाली थी और मात्र तीन दिन पहले ही उसका विवाह हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही युवती के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए, जहां परिवारजन शोकाकुल अवस्था में नजर आए।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नव विवाहिता ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस परिजनों और पति से पूछताछ कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह का खुलासा हो सके।
घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है, वहीं स्थानीय लोगों में भी इस दुखद घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
