भीषण गर्मी में हिण्डाल्को का राहत अभियान, 16 स्थानों पर शुरू हुए प्याऊ
*राहगीरों को मिल रहा स्वच्छ पेयजल, सीएसआर पहल की हो रही सराहना*
(आदित्य सोनी)
रेणुकूट (सोनभद्र)। 15 मई 2026 को हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा सामुदायिक कल्याण एवं सतत विकास की दिशा में लगातार किए जा रहे प्रयासों के तहत भीषण गर्मी में लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सीएसआर कार्यक्रम अंतर्गत 16 स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की गई है।
इस पहल के तहत रेणुकूट नगर क्षेत्र में 6 तथा दुद्धी, म्योरपुर एवं बभनी ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में 10 प्रमुख स्थानों पर प्याऊ स्थापित किए गए हैं। इन स्थानों पर राहगीरों एवं आमजन को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी में लोगों को काफी राहत मिल रही है।

हिण्डाल्को द्वारा प्याऊ के लिए ऐसे स्थानों का चयन किया गया है, जहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें। गर्मी के मौसम में तेज धूप और शरीर में पानी की कमी के कारण डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं, जो कई बार गंभीर और जानलेवा भी साबित हो सकती हैं। ऐसे में प्याऊ के माध्यम से लोगों को सहज रूप से पेयजल उपलब्ध कराकर जागरूकता और राहत दोनों प्रदान की जा रही है।
स्थानीय लोगों एवं राहगीरों ने हिण्डाल्को की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक उत्तरदायित्व का सराहनीय उदाहरण बताया है।
