ग्रामीण शिक्षा में नया कीर्तिमान: कंपोजिट विद्यालय सिधावाडांड की नव्या कुमारी ने NMMSE 2025 में पाई सफलता
(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)
अनपरा (सोनभद्र)। म्योरपुर ब्लॉक के कुलडोमरी ग्राम पंचायत स्थित कंपोजिट विद्यालय सिधावाडांड के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMSE) 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विशेष रूप से, इस विद्यालय की होनहार छात्रा नव्या कुमारी (D/o लाल बहादुर) ने सफलता हासिल कर अपने परिवार, शिक्षकों और पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। प्रधानाध्यापिका किरन मौर्या और कक्षा अध्यापिका नित्या चौधरी ने बच्चों के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता उनके उज्जवल भविष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यालय आगे भी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित एवं मार्गदर्शित करता रहेगा।
ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रयास
इस परीक्षा में सफलता दर्शाती है कि संसाधनों की सीमाओं के बावजूद, सही मार्गदर्शन और परिश्रम से ग्रामीण अंचल के बच्चे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। मिशन शिक्षण समूह की भूमिका भी इस सफलता में महत्वपूर्ण रही, जिसने बच्चों की तैयारी में सहयोग किया।
पिछले वर्ष भी इस विद्यालय के दो छात्रों ने अटल आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर कक्षा 9 में प्रवेश पाया था, जिससे यह प्रमाणित होता है कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस उपलब्धि पर नव्या कुमारी के अभिभावकों सहित समस्त विद्यालय परिवार ने प्रधानाध्यापिका किरन मौर्या और कक्षा अध्यापिका नित्या चौधरी को बधाई दी। उन्होंने आशा जताई कि आगामी परीक्षाओं में भी यहां के छात्र ऐसे ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे और विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।
