CISF UNIT आर.एच.पी.पी.पी. पिपरी में 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति के उत्साह के साथ सम्पन्न
(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)
पिपरी (सोनभद्र)। दिन शुक्रवार 15 अगस्त 2025 को 79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर CISF UNIT आर.एच.पी.पी.पी. पिपरी में देशभक्ति और उत्साह से परिपूर्ण भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ इकाई प्रभारी उप कमाण्डेन्ट मुकेश कुमार द्वारा मुख्य अतिथि, रिहंद बांध परियोजना के अधीक्षण अभियंता सुरेश चंद्र बुनकर के स्वागत के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के बाद CISF जवानों ने पूरे अनुशासन और सम्मान के साथ सलामी दी। इस अवसर पर जवानों ने प्रशिक्षण-आधारित डेमो प्रदर्शन प्रस्तुत कर अपनी कर्तव्यनिष्ठा, शारीरिक दक्षता और अदम्य साहस का शानदार परिचय दिया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने सराहा।

समारोह के दौरान पौधारोपण अभियान भी चलाया गया, जिसमें मुख्य अतिथि व CISF बल के सदस्यों ने इकाई परिसर में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं, रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें जवानों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का संपूर्ण वातावरण राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सामाजिक सरोकारों की भावना से ओत-प्रोत रहा। इसकी सफलता में इकाई प्रभारी उप कमाण्डेन्ट मुकेश कुमार के साथ-साथ निरीक्षक/कार्य वीर अभिमन्यु, नीरज शर्मा, असित सरकार, वागमारे दशरथ सहित बल के अन्य सदस्यों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
