रेणुकूट-पिपरी में फ्लिपकार्ट डिलीवरी सेवा पर गंभीर आरोप, ग्राहकों से वसूली कर पैकेट न देने का मामला उजागर
(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)
रेणुकूट/पिपरी (सोनभद्र)। दिन शुक्रवार 29 अगस्त 2025 को ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी फ्लिपकार्ट की डिलीवरी सेवा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। स्थानीय ग्राहकों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि फ्लिपकार्ट कोरियर से जुड़े डिलीवरी बॉय सुशील कुमार पासवान ने कैश ऑन डिलीवरी ऑर्डर में पैसा लेने के बाद पैकेट ग्राहकों को सौंपा ही नहीं।
ग्राहकों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। डिलीवरी बॉय न केवल बिना ड्राइविंग लाइसेंस के काम कर रहा है बल्कि आए दिन लोगों से पैसे लेकर उन्हें पैकेट थमा नहीं रहा है। इससे उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है।
पीड़ितों का आरोप है कि फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चल रहे फर्जी शॉपिंग लिंक से ऑर्डर किए गए सामान की डिलीवरी भी फ्लिपकार्ट कंपनी के जरिए कराई जा रही है। इस तरह के पैकेट उपभोक्ताओं तक पहुँचाने की आड़ में लोगों को धोखाधड़ी का शिकार बनाया जा रहा है।
लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में केवल डिलीवरी बॉय ही नहीं, बल्कि स्थानीय फ्लिपकार्ट मैनेजर भी संलिप्त हैं और जानबूझकर धोखाधड़ी का कारोबार चलाया जा रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि जब भी शिकायत दर्ज कराई जाती है तो कंपनी की ओर से कोई ठोस कार्यवाही नहीं की जाती।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की धोखाधड़ी को रोकने के लिए तत्काल प्रभाव से जांच कराई जाए, संबंधित डिलीवरी बॉय और कंपनी प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई हो, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
