इनर व्हील क्लब रेणुकूट ने धूमधाम से मनाया तीज उत्सव
(आदित्य सोनी)
रेणुकूट (सोनभद्र)। इनर व्हील क्लब रेणुकूट द्वारा शुक्रवार, 29 अगस्त 2025 को हिंडाल्को के क्लब विंध्याचल परिसर में तीज उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश जी की प्रतिमा के समक्ष क्लब अध्यक्षा उदिता बनर्जी एवं वरिष्ठ सदस्या विनीता बंसल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। समारोह का संचालन उपाध्यक्ष ममता अग्रवाल ने किया।

सर्वप्रथम अर्चना उपाध्याय ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला शुरू हुई। क्लब अध्यक्षा उदिता बनर्जी, शीतल दहलान, वैशाली डे, रुपाली कलंत्री, प्रीति चौरसिया, अनीता साहनी, ममता अग्रवाल एवं गायत्री सिंह ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, पुनीता अस्थाना और संध्या सिंह ने अपने मधुर गायन से उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम में हास्य-रस की भी छटा बिखरी। प्रमिला पोद्दार ने चुटकुलों से सबका मन मोह लिया, जबकि ममता बंसल, ममता अग्रवाल एवं संध्या सिंह ने मनमोहक नाट्य प्रस्तुत कर दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।
इनर व्हील क्लब का मुख्य उद्देश्य केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करना नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व निभाना भी है।
इसी क्रम में क्लब ने स्थानीय महिला उमा देवी को आत्मनिर्भर बनाने हेतु मिक्सी और अन्य आवश्यक सामग्री भेंट की, ताकि वह अपने टिफिन सर्विस कार्य को गति दे सकें।
समारोह के अंत में क्लब की ओर से सभी सदस्यों को आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। रात्रिभोज के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।
