धूमधाम व गाजे-बाजे के साथ सम्पन्न हुआ गणपति विसर्जन
(आदित्य सोनी)
पिपरी (सोनभद्र)। नगर में गणेश महोत्सव का समापन शुक्रवार को हर्षोल्लास और श्रद्धा भाव के साथ हुआ। तुर्रा बाजार स्थित रामलीला मैदान से सिद्धिविनायक पूजा समिति द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे की धुन और ढोल-नगाड़ों की थाप पर महिलाएं, बच्चे और युवा “गणपति बप्पा मोरया… अगले बरस तू जल्दी आना” के जयकारे लगाते हुए झूमते नजर आए।
श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच गणपति जी की प्रतिमा को शोभायात्रा के साथ रिहंद घाट ले जाया गया, जहां विधिवत पूजन-अर्चन के पश्चात प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
विसर्जन कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय माहौल से पूरा नगर गुंजायमान रहा। सुरक्षा की दृष्टि से पिपरी पुलिस पूर्णत: मुस्तैद रही और शोभायात्रा व विसर्जन कार्यक्रम को सकुशल सम्पन्न कराया।
श्रद्धालुओं ने शांति और अनुशासन के साथ महोत्सव में भाग लेकर सांप्रदायिक सौहार्द और आस्था की मिसाल पेश की।
