पिपरी (सोनभद्र)। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर पिपरी स्थित फायर स्टेशन श्री हनुमान मंदिर परिसर में स्थित प्रसिद्ध संकट हरनी माता मंदिर प्रांगण में नौ दिनों तक चली देवी पूजा-अर्चना का समापन महानवमी पूजन के साथ हुआ।
श्री अनंत पद्मावती सेवा आश्रम के महंत वीर विक्रम नारायण पांडे जी के सान्निध्य में नौ दिन नौ देवियों का पूजन-विधान अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ। महानवमी के दिन सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
मंदिर के पुजारी बजरंग झा जी ने वेद-मंत्रों की मधुर गूंज के बीच महानवमी पूजन एवं हवन सम्पन्न कराया। इस दौरान प्रधान पुजारी लल्लन झा सहित बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे। माता की आरती के समय पूरा मंदिर “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया।
पूजन और हवन के उपरांत भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करते समय भक्तों के चेहरों पर संतोष और आत्मिक आनंद स्पष्ट झलक रहा था। श्रद्धालुओं ने इसे माता की कृपा और आशीर्वाद बताया। नौ दिनों तक चले इस अनुष्ठान में प्रतिदिन भक्ति, साधना और आराधना का अनूठा संगम देखने को मिला।
महंत वीर विक्रम नारायण पांडे जी ने कहा कि “नवरात्रि आत्मशुद्धि, साधना और शक्ति साधन का पर्व है। मां दुर्गा की कृपा से हर कठिनाई दूर होती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।”
प्रसिद्ध संकट हरनी माता मंदिर में भक्तों के विशेष सहयोग से सम्पन्न हुए इस धार्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संदेश प्रसारित किया।
इस अवसर पर प्रधान पुजारी लल्लन झा, पुजारी बजरंग झा, श्री हनुमान मंदिर के सेवक अखिलेश चौरसिया, प्रमुख सदस्य विवेक सहनी, गोपाल चौधरी, मृत्युंजय यादव, सुमित श्रीवास्तव, शिवम झा और मंटू चौरसिया सहित अनेक भक्तजन उपस्थित रहे।