कड़कड़ाती ठंड में गरीबों, असहायों में बांटा गया कंबल
(आदित्य सोनी)
रेणुकूट (सोनभद्र)। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अधिकारियों द्वारा बुधवार को ग्रामीण अंचलों में जरूरतमंदों के लिए कंबल वितरण का सराहनीय कार्य किया गया। म्योरपुर विकासखंड अंतर्गत बेलहथी ग्राम पंचायत के धौकीनाला, रजनी टोला, बड़वान में रहने वाले अत्यंत गरीब, वृद्ध महिलाओं एवं बच्चों को कंबल वितरित कर हाड़ कंपाती ठंड से राहत पहुंचाई गई।
यह वितरण कार्यक्रम हिंडाल्को के सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) विभाग एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित किया गया, जिसमें पहले से चिन्हित किए गए जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल प्रदान किए गए। इस अवसर पर मुख्य जनसंपर्क अधिकारी यशवंत कुमार ने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाकर उन्हें आत्मिक संतोष की अनुभूति हो रही है।
हिंडाल्को द्वारा आसपास के ग्रामीण इलाकों में निरंतर सामाजिक दायित्वों का निर्वहन किया जाता रहा है और भविष्य में भी गर्म कपड़े एवं आवश्यक सामग्रियों के वितरण जैसे जनहितकारी कार्य जारी रहेंगे। वहीं सीएसआर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि कंपनी के सीओओ समीर नायक एवं क्लस्टर मानव संसाधन प्रमुख जसवीर सिंह के मार्गदर्शन में सीएसआर विभाग बड़े पैमाने पर जनकल्याणकारी कार्य करता आ रहा है।
इस कड़ाके की ठंड में ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से कंबल वितरण किया गया है। कार्यक्रम में जनसंपर्क विभाग के प्रशांत श्रीवास्तव, प्रमोद ओझा, अखिलेश मिश्रा, जी.के. मानी मदान, अमिताभ मिश्रा, सर्वेश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कंबल पाकर ग्रामीणों के चेहरे पर राहत और संतोष साफ झलकता नजर आया। हिंडाल्को का यह प्रयास न केवल सामाजिक सरोकारों को दर्शाता है, बल्कि उद्योग और समाज के बीच मजबूत संबंधों की मिसाल भी पेश करता है।
