पिपरी चौराहे पर अटल बिहारी वाजपेयी जन्मशताब्दी समारोह का भव्य आयोजन
(आदित्य सोनी)
पिपरी (सोनभद्र)। दिन शुक्रवार 26 दिसंबर 2025 को भारत रत्न एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्मशताब्दी के अवसर पर वर्ष 2025 में पिपरी चौराहे स्थित अटल स्मृति स्थल पर अटल स्मृति सम्मेलन का भव्य, गरिमामय एवं ऐतिहासिक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विधानसभा क्षेत्र 402–ओबरा के अंतर्गत संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ अटल चौराहे पर स्थापित श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा पर मुख्य अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों द्वारा पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री मा. संजीव गौड़ रहे। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, जिला प्रभारी अनिल सिंह एवं काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अमरनाथ यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में अटल बिहारी वाजपेयी जी के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान, उनकी दूरदर्शी सोच, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं समर्पण भाव को स्मरण करते हुए उन्हें युगदृष्टा नेता बताया।

कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन राकेश पाण्डेय एवं चांद प्रकाश जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर भाजपा रेणुकूट मंडल अध्यक्ष हरिराम छवी, महामंत्री आशीष मिश्रा, सक्रिय सदस्य नितान्त पाण्डेय (गोकुल), राजेश सिंह, रिंकू सिंह, भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी, पिपरी नगर पंचायत अध्यक्ष दिग्विजय सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विशेष रूप से शारदा खरवार, संध्या पांडे, किरण सिंह, ज्वाला सिंह एवं रामभगत की सहभागिता उल्लेखनीय रही।

समारोह में हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। इस अवसर पर जरूरतमंदों को कंबल वितरण किया गया, साथ ही पत्रकारों एवं भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनसमूह के लिए सामूहिक भोज का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों, राष्ट्र सेवा एवं आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाना रहा, जिसे उपस्थित जनसमुदाय ने सराहना के साथ स्वीकार किया। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
