धूमधाम से निकली शिव बारात, भक्तों ने किया भव्य स्वागत
(आदित्य सोनी)
रेणुकूट (सोनभद्र)। दिन बुधवार 26 फरवरी 2025 को महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर श्री राम सेना रेणुकूट के तत्वावधान में भव्य शिव बारात निकाली गई। यह शोभायात्रा मुर्धवा बीजपुर मोड़ से शुरू होकर तुर्रा फायर स्टेशन, हनुमान मंदिर होते हुए तुर्रा चौराहे तक गई। बारात में हजारों की संख्या में श्रद्धालु जयकारे लगाते, नाचते-गाते श्रद्धा एवं उल्लास से झूमते नजर आए।

झांकियों ने मोहा मन, जगह-जगह हुआ स्वागत
बारात में विभिन्न मनमोहक झांकियां शामिल थीं, जिन्होंने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मार्ग में भक्तों ने ठंडई एवं जलपान की व्यवस्था की थी। तुर्रा फायर स्टेशन हनुमान मंदिर में शिव बारात का भव्य स्वागत हुआ, जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

पिपरी चौराहे पर हुआ महाआरती का आयोजन
बारात के पिपरी चौराहे पहुंचने पर नगर के भक्तों द्वारा भगवान शिव की आरती की गई। इस दौरान श्रद्धालु हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण भक्तिमय कर रहे थे।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ आयोजन
शिव बारात के सफल आयोजन के लिए प्रशासन ने पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए थे। क्षेत्राधिकारी पिपरी अमित कुमार एवं इंस्पेक्टर पिपरी विश्वनाथ प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ शिव बारात की निगरानी में उपस्थित रहे।

आतिशबाजी व झांकियों ने बढ़ाया आयोजन का आकर्षण शोभायात्रा में रंग-बिरंगी आतिशबाजी एवं भगवान भोलेनाथ की विभिन्न झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। श्री राम सेना द्वारा पिछले कई वर्षों से धूमधाम से शिव बारात का आयोजन किया जा रहा है, जो इस वर्ष भी अपार भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
