पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा को स्थानांतरण पर दी गई भावभीनी विदाई
(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)
सोनभद्र। दिन 19 सितम्बर 2025 को पुलिस लाइन चुर्क, जनपद सोनभद्र में एक गरिमामय एवं भावुक समारोह में पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अशोक कुमार मीणा को जनपद हरदोई स्थानांतरण के उपलक्ष्य में भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर जनपद के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। के

समारोह के दौरान वक्ताओं ने श्री मीणा के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके प्रभावी प्रशासनिक नेतृत्व, संवेदनशील दृष्टिकोण और अनुकरणीय कार्यशैली को रेखांकित किया। सभी ने उन्हें पुष्पमालाएं पहनाकर सम्मानित किया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने अपने विदाई संबोधन में सोनभद्र में अपने सेवाकाल को स्मरणीय बताते हुए कहा,
*“इस जनपद में कार्य करना मेरे लिए अत्यंत गर्व और सम्मान की बात रही। यहां का सहयोग, समर्पण और आत्मीय वातावरण सदैव स्मरणीय रहेगा। आपके समर्थन के बिना कोई भी सफलता संभव नहीं होती।”
उन्होंने त्योहारों एवं विशेष अवसरों पर पुलिस बल की सतर्कता, अनुशासन व एकजुटता की विशेष रूप से सराहना की और सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को उनके निरंतर परिश्रम, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के लिए हार्दिक धन्यवाद दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि सोनभद्र पुलिस भविष्य में भी अपने कार्यों से नई ऊंचाइयों को छुएगी।
आ

अंत में श्री मीणा ने सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि,
*“सोनभद्र मेरे हृदय में सदैव एक विशेष स्थान बनाए रखेगा।”
यह विदाई समारोह केवल एक प्रशासनिक परंपरा नहीं, बल्कि एक प्रेरणादायक अधिकारी के प्रति सम्मान, आत्मीयता और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति थी, जो सभी उपस्थितजनों के मन को छू गई।
