पिपरी थाना परिसर में मिशन शक्ति – मातृशक्ति अभियान के अंतर्गत महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)
पिपरी (सोनभद्र)। दिन शनिवार 20 सितंबर 2025 को उत्तर प्रदेश सरकार के ‘मिशन शक्ति – मातृशक्ति’ अभियान के अंतर्गत पिपरी थाना परिसर, सोनभद्र में एक विशेष महिला जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाना था।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित कुमार और थाना अध्यक्ष सत्येंद्र राय समेत पिपरी थाना के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज पिपरी, सोनभद्र की अध्यापिकाएं एवं छात्राएं भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का आयोजन पिपरी थाना के सभागार में एलईडी टीवी स्क्रीन के माध्यम से किया गया, जिसमें महिलाओं की सुरक्षा, अधिकारों, और सहायता सेवाओं से संबंधित ऑडियो-विजुअल प्रजेंटेशन दिखाया गया। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को वूमेन हेल्पलाइन नंबर (1090, 181, 112), साइबर अपराध से सुरक्षा, घरेलू हिंसा से बचाव, और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने कहा: “मातृशक्ति समाज की नींव है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से हम महिलाओं को केवल सुरक्षा नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं।
थाना प्रभारी सत्येंद्र राय ने भी उपस्थित छात्राओं व महिलाओं को विश्वास दिलाया कि पुलिस हमेशा उनके साथ है, और किसी भी प्रकार की परेशानी की स्थिति में वे बेहिचक पुलिस की मदद लें।

अध्यापिकाओं और छात्राओं ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं और महिलाओं को खुलकर अपने अधिकारों के लिए खड़े होने की प्रेरणा देते हैं।
