अनपरा–शक्तिनगर, वाराणसी मार्ग पर धूल प्रदूषण से जनजीवन बेहाल
(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)
अनपरा (सोनभद्र)। दिन शनिवार 20 सितंबर 2025 को अनपरा-शक्तिनगर, रेणुकूट के बीच 30 किमी लंबे सड़क मार्ग पर कोयला एवं राख परिवहन के कारण धूल प्रदूषण ने हालात गंभीर बना दिए हैं। रोजाना डेढ़ हजार से अधिक ट्रकों के आवागमन और सड़क की खराब स्थिति के चलते मार्ग पर धूल की परत छा जाती है।
हाल यह है कि पैदल व वाहन चालकों के साथ-साथ आसपास की बस्तियों में रहने वाले लोग भी प्रदूषण की मार झेल रहे हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जांच में पाया गया कि सड़क पर प्रति किलोमीटर करीब 100 किलो से अधिक धूलकण हवा में मिल रहे हैं। एनजीटी के दबाव पर पीडब्ल्यूडी और परियोजनाओं को नोटिस जारी कर सड़क पर दिन में तीन बार पानी छिड़काव और ट्रीटमेंट प्लांट का पानी उपयोग करने का निर्देश दिया गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कागजों पर ही सफाई और छिड़काव की कार्रवाई दिखाई जाती है, जबकि जमीन पर स्थिति जस की तस है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी आर.के. सिंह ने कहा कि मानकों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा और प्रदूषण रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
