पुलिस महानिरीक्षक, विंध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर द्वारा “मिशन शक्ति मोबाइल वैन” को दिखाई गई हरी झंडी
(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)
सोनभद्र। पुलिस महानिरीक्षक, विंध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर, आर.पी. सिंह जनपद सोनभद्र के पुलिस लाइन चुर्क पहुंचे। यहां पहुंचने पर उन्हें सलामी गार्द द्वारा गार्द ऑफ ऑनर दिया गया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर पुलिस जवानों का अभिवादन किया।

इसके उपरांत पुलिस लाइन सभागार में आगामी त्यौहारों नवरात्रि, रामनवमी, दीपावली, छठ पूजा आदि के मद्देनज़र कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं “मिशन शक्ति” अभियान की प्रगति को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता स्वयं पुलिस महानिरीक्षक महोदय ने की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा, जनपद के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारी एवं मिशन शक्ति केन्द्र प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के प्रमुख बिंदु
-
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर विशेष बल।
-
जनपद के प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति केन्द्र की स्थापना तथा इन केन्द्रों पर उपनिरीक्षक व महिला आरक्षियों की तैनाती।
-
पुलिस लाइन चुर्क से “मिशन शक्ति मोबाइल वैन” का शुभारंभ।
-
महिला हेल्प डेस्क को और अधिक सक्रिय बनाने, स्कूल/कॉलेजों में सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने एवं महिला पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाने पर जोर।
-
छेड़खानी, यौन उत्पीड़न व साइबर अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू करने के निर्देश।
-
एंटी रोमियो स्क्वॉड को सक्रिय रखकर बाजारों, कोचिंग संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित गश्त सुनिश्चित करने के आदेश।
कानून-व्यवस्था एवं त्योहारों की रणनीति
-
संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता व सुरक्षा बल की विशेष तैनाती।
-
सोशल मीडिया की निगरानी हेतु मीडिया सेल को सक्रिय करना।
-
अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना।
यातायात एवं गश्त व्यवस्था
-
पर्वों के दौरान सुगम यातायात हेतु ट्रैफिक पुलिस को पूर्व नियोजित व्यवस्था के अनुसार कार्य करने के निर्देश।
-
पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग और रूट डायवर्जन की समुचित व्यवस्था।
-
प्रमुख पूजा स्थलों, जुलूस मार्गों, बाजारों व संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती।
-
फुट पेट्रोलिंग, बाइक पेट्रोलिंग और मोबाइल गश्त को बढ़ाने पर बल।
डायल 112 एवं कंट्रोल रूम
-
आपात स्थिति में त्वरित सहायता हेतु डायल-112 को हमेशा अलर्ट मोड में रखने के निर्देश।
-
कंट्रोल रूम को 24×7 पूरी तरह सक्रिय रखते हुए हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना।
आईजी महोदय का संदेश
पुलिस महानिरीक्षक, विंध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर आर.पी. सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया—

“त्योहारों पर आमजन को निर्भय, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण प्रदान करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मिशन शक्ति के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा की पूर्ण गारंटी दी जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। पुलिस-जन सहभागिता से सौहार्द्रपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए।”
