महानवमी पर माँ वन देवी मंदिर में हुआ विशाल भंडारा, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
(आदित्य सोनी)
पिपरी (सोनभद्र)। दिन बुधवार 01 अक्टूबर 2025 को महानवमी के पावन अवसर पर रिहंद बांध के समीप स्थित माँ वन देवी मंदिर परिसर में विगत वर्षों की परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने माता के दरबार में मत्था टेका और अपने परिवार की सुख-समृद्धि तथा मंगलकामना हेतु आराधना की।
नौ दिनों तक चले इस विशेष अनुष्ठान के दौरान मंदिर प्रांगण को फूल-मालाओं एवं रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया था। भक्ति व श्रद्धा से सराबोर वातावरण में श्रद्धालुओं ने माँ वन देवी के जयकारों के साथ दर्शन-पूजन कर धार्मिक आस्था प्रकट की।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मंदिर पहुँचकर पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया। उन्होंने भंडारे के सफल आयोजन की सराहना की और माँ वन देवी से क्षेत्र की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की।

माँ वन देवी मंदिर सोनभद्र जनपद का एक प्रसिद्ध शक्तिपीठ माना जाता है, जहाँ दूर-दराज़ से भक्तजन अपनी मनोकामना पूरी करने के लिए पहुँचते हैं। मंदिर के महंत योगी महाराज ने बताया कि “माँ वन देवी सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद अवश्य पूरी करती हैं।”
भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और भक्तों ने सामूहिक रूप से माँ की कृपा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
