लापता बालक सनी कुमार सकुशल मिला, परिजनों ने ली राहत की सांस
(आदित्य सोनी)
रेणुकूट (सोनभद्र)। थाना पिपरी क्षेत्र अंतर्गत दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 255/2025, धारा 137(2) बीएनएस से संबंधित लापता बालक सनी कुमार (उम्र लगभग 12 वर्ष), पुत्र काशी राजभर, निवासी खाड़पाथर, को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 29 दिसंबर 2025 को सकुशल बरामद कर लिया।
बालक को सुरक्षित रूप से उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया है। परिजनों के अनुसार सनी की स्थिति पूरी तरह सामान्य एवं स्वस्थ है। बालक के सकुशल मिलने से परिवारजनों ने राहत की सांस ली।
पुलिस की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और प्रभावी प्रयासों के चलते यह सफलता संभव हो सकी। इस संबंध में चौकी प्रभारी रेणुकूट (थाना पिपरी) संजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर ली गई है।
बालक की सुरक्षित बरामदगी पर परिजनों एवं स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
