सोनभद्र में मत्स्य मंत्री का औचक निरीक्षण, अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई के संकेत

0
IMG-20260412-WA0024

*रिहंद व ओबरा बांध में पीएम मत्स्य संपदा योजना की जांच, शिकायतकर्ताओं से सीधे मिलकर दिए निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश*

(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने शुक्रवार को जनपद सोनभद्र में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) के तहत संचालित कार्यों का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया।
मंत्री ने रिहंद बांध और ओबरा बांध में स्थापित केज सिस्टम का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिना सुरक्षा उपकरणों के जेटी से बने फ्लोर पर पहुँचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौके पर मौजूद लोगों की शिकायतें भी सुनीं।
निरीक्षण के दौरान निदेशक मत्स्य एन.एस. रहमानी और संयुक्त निदेशक अनिल कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने अधिकारियों के साथ मिलकर केज सिस्टम में पाई गई खामियों की गहन जांच कराई और तीन कार्यदिवस के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में मंत्री पूजा देवी के आवास भी पहुँचे, जहाँ उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं। शिकायतकर्ता ने कुछ दबंग व्यक्तियों द्वारा अवैध धन की मांग और कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया। इस पर मंत्री ने संबंधित थाना प्रभारी को कड़ी चेतावनी देते हुए शिकायतकर्ता को पूर्ण सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना सहित अन्य योजनाओं में अनियमितताओं की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। यदि जांच में एक भी शिकायत सही पाई गई, तो दोषियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई की जाएगी जो नज़ीर बनेगी।
उन्होंने अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और दोषी पाए जाने वाले कार्मिकों व अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने दोहराया कि प्रदेश सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर कार्य कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए फिलहाल मामले से जुड़ी कार्रवाई को सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!