नगर पंचायत पिपरी में वार्ड नंबर 1 और 10 के बीच बन रही नाली में घोटाले की बू — सभासदों ने दी अधिशासी अधिकारी को शिकायत

0
IMG-20250603-WA0003

(आदित्य सोनी)

पिपरी (सोनभद्र)। नगर पंचायत पिपरी के वार्ड नंबर 01 और 10 के मध्य बन रही नाली को लेकर स्थानीय जनता में भारी आक्रोश है। क्षेत्रीय नागरिकों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कई सभासदों ने मौके पर पहुंचकर नाली निर्माण कार्य की जांच की और निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए।

सभासदों का आरोप है कि नाली निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग हो रहा है, जिससे कुछ ही दिनों में इसका टूटना तय है। निर्माण स्थल पर सीमेंट, बालू और ईंटों की गुणवत्ता जांचने पर यह पाया गया कि निर्धारित मानकों की घोर अवहेलना की जा रही है। जनता ने भी आरोप लगाया है कि नाली में पहले से मौजूद मिट्टी को हटाए बिना ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, जिससे भविष्य में जल निकासी की समस्या और बढ़ सकती है।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभासदों ने अधिशासी अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि यदि कार्य की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ तो जनता और जनप्रतिनिधि आंदोलन को बाध्य होंगे।

एक सभासद ने मीडिया से बातचीत में कहा,

“हम जनता के पैसों का दुरुपयोग नहीं होने देंगे। विकास कार्य जरूरी हैं लेकिन उसमें गुणवत्ता से समझौता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारी लापरवाही बरतते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी होनी चाहिए।”

जनता ने भी स्थानीय प्रशासन से अपील की है कि ऐसे कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और दोषियों को चिन्हित कर दंडित किया जाए, जिससे भविष्य में इस तरह की लापरवाही न दोहराई जाए।

नगर पंचायत प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार अधिशासी अधिकारी ने जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!