रेणुकूट जल-जलिया खटाल बस्ती में कुत्ते की बेरहमी से हत्या, पिपरी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर की कड़ी कार्रवाई
(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)
रेणुकूट (सोनभद्र)। दिन गुरुवार 05 जून 2025 को
रेणुकूट नगर पंचायत अंतर्गत जल जलिया खटाल बस्ती क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए एक निर्दोष कुत्ते की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। यह हृदयविदारक घटना क्षेत्रीय नागरिकों और पशु प्रेमियों में रोष का कारण बन गई है। स्थानीय एनजीओ की सक्रियता से घटना की जानकारी थाना पिपरी में दी गई, जिसमें आरोपी मुकेश यादव (उम्र 35 वर्ष), पुत्र लालजी यादव, निवासी जल जलिया खटाल बस्ती को नामजद किया गया। एनजीओ की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल की जांच की। एवं पशु चिकित्सक से पोस्टमार्टम कराया।
पिपरी थाना प्रभारी निरीक्षक नागेश सिंह ने मौके का मुआयना कर घटना को गंभीरता से लिया और आरोपी मुकेश यादव सहित एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम (Prevention of Cruelty to Animals Act) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की सख्ती और एनजीओ की तत्परता से यह मामला अब कानूनी कार्यवाही की दिशा में बढ़ चुका है। स्थानीय लोगों की मांग है कि ऐसे जघन्य कृत्य करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि पशुओं के प्रति संवेदनशीलता बनी रहे और भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों।
इस संबंध में थाना पिपरी के निरीक्षक नागेश सिंह ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
