आदित्य बिड़ला इण्टरमीडिएट कॉलेज रेणुकूट में जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता आयोजित

0
Sanskrit Khoj Pratiyogita- 28-07-2025

(आदित्य सोनी)

रेणुकूट (सोनभद्र)। दिन मंगलवार 29 जुलाई 2025 को हिण्डालको द्वारा संचालित आदित्य बिड़ला इण्टरमीडिएट कॉलेज, रेणुकूट में उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थानम्, लखनऊ द्वारा जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें मेजबान विद्यालय सहित जनपद के 20 विद्यालयों के लगभग 100 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कक्षा 6 से 12 के स्तर पर सम्पन्न होने वाली इस प्रतियोगिता में संस्कृत भाषा में गीत गायन व सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि महोदय सहायक उपाध्यक्ष मानव संसाधन, हिण्डाल्को रेणुकूट एवं विद्यालय के प्रबन्धक अजय कुमार सिन्हा, विशिष्ट अतिथि प्रदीप कुमार पाण्डेय, प्रधानाचार्य राजकीय हाई स्कूल विद्यालय, मारकुन्डी व अति विशिष्ट अतिथि हिण्डाल्को नगर प्रशासक राजेश तिवारी, मेजबान विद्यालय के प्रधानाचार्य दयानन्द शुक्ल, उप- प्रधानाचार्य विजय भागवत पाटिल ने अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य, उप- प्रधानाचार्य व वरिष्ठ शिक्षक – शिक्षिकाओं ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि तथा अन्य गणमान्य अतिथियों का पुष्प गुच्छ, अंग वस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंटकर और बैज लगाकर स्वागत किया। विद्यार्थियों के स्वस्तिवाचन एवं सरस्वती वन्दना से आरम्भ हुई। इस प्रतियोगिता में विद्यालय की संगीत शिक्षिका ज्योति मिश्रा के निर्देशन में छात्राओं ने खूबसूरत स्वागत गीत भी प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के जनपद संयोजक मेजबान विद्यालय के शिक्षक विवेक कुमार पाण्डेय ने स्वागत भाषण के साथ सभी को प्रतियोगिता व उसके नियमों से परिचित कराया। मुख्य अतिथि महोदय ने अपने उद्बोधन में संस्कृत भाषा को प्रत्येक भाषा की जननी बताते हुए उस पर गर्व करने को कहा साथ ही संस्कृत की उपयोगिता व उसके महत्व को बतलाते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ संस्कृत भाषा के प्रचार -प्रसार के लिए अत्यन्त आवश्यक है।
प्रतियोगिता के संस्कृत गीत गायन में मेजबान विद्यालय आदित्य बिड़ला इण्टरमीडिएट कॉलेज, रेणुकूट की अंकिता दुबे प्रथम, डी0ए0वी0 पब्लिक सीनियर सेकण्डरी स्कूल, खड़िया की अंकिता सोनी ने द्वितीय तथा आदित्य बिड़ला इण्टरमीडिएट कॉलेज, रेणुकूट की ही सौम्या सिंघल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया तथा सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में राजकीय इण्टर कॉलेज, शक्तिनगर के पीयूष कुमार ने प्रथम, डी0ए0वी0 पब्लिक सीनियर सेकण्डरी स्कूल, रॉबर्टसगंज के आनन्द भूषण सिंह ने द्वितीय तथा आदित्य बिड़ला इण्टरमीडिएट कॉलेज, रेणुकूट की सौम्या राय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विजेताओं के साथ – साथ सभी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, प्रधानाचार्य व उप- प्रधानाचार्य द्वारा प्रमाण – पत्र व पदक देकर सम्मानित किया गया।
राष्ट्रगान के साथ सम्पन्न होने वाले तथा शिक्षक डॉ0 अरविन्द कुमार पाण्डेय, डॉ0 बबलू कुमार भट्ट व सत्येन्द्र जैन और शिक्षिका बिन्दु द्वारा संचालित इस कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन उप-प्रधानाचार्य ने किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में नागेन्द्र दूबे, राकेश चन्द्र शुक्ला, अश्विनी राय तथा डॉ0 संजय त्रिपाठी रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में गणमान्य अतिथियों तथा विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों के साथ-साथ अन्य विद्यालयों से आए शिक्षक व शिक्षिकाओं का सहयोग अत्यन्त सराहनीय रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!