गणेश पूजन के साथ हिण्डाल्को में रामलीला मंचन का शुभारंभ
(आदित्य सोनी)
रेणुकूट (सोनभद्र)। दिन बुधवार 24 सितम्बर 2025 को हिण्डाल्को रामलीला परिषद् द्वारा पिछले 60 वर्षों से निरंतर हिण्डाल्को रामलीला मैदान पर आयोजित की जा रही रामलीला का शुभारंभ इस वर्ष भी धूमधाम से किया गया। गुरुवार, 23 सितम्बर की शाम श्री गणेश पूजन के साथ रामलीला मंचन की शुरुआत हुई। नौ दिनों तक चलने वाला यह आयोजन 2 अक्टूबर को रावण दहन के साथ संपन्न होगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ हिण्डाल्को के मुखिया समीर नायक, मानव संसाधन प्रमुख जसबीर सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी सीमा सिंह ने गणेश पूजन और श्रीरामचरितमानस का विधिवत पूजन कर किया। इस अवसर पर अजय सिन्हा, बिजॉय सिंह, यशवंत कुमार, कर्नल (से.नि.) रोहित शर्मा, परिषद् अध्यक्ष पी.के. उपाध्याय तथा पूर्व अध्यक्ष वी.एन. झा समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे और आरती में सहभागिता की।
निर्देशक राजेन्द्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में मंचित प्रथम दिवस की लीला में लगभग 250 कलाकारों ने एक साथ अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंचन में श्रीरामचन्द्र कृपालु आरती, नारद मोह प्रसंग, नारद द्वारा भगवान विष्णु को तीन जन्म तक राक्षस बनने का श्राप, मनु-सतरूपा की तपस्या से पुत्र प्राप्ति का वरदान तथा रावण द्वारा भगवान शिव से चंद्रहास तलवार की प्राप्ति जैसी लीलाओं का जीवंत चित्रण किया गया। हजारों की संख्या में मौजूद लीला प्रेमियों ने इन दृश्यों का आनंद उठाया।
प्रथम दिवस की समाप्ति पर परिषद् अध्यक्ष पी.के. उपाध्याय ने बताया कि दूसरे दिन रामजन्म, सीता उत्पत्ति, राम-लक्ष्मण द्वारा विश्वामित्र यज्ञ की रक्षा, अहिल्या उद्धार तथा जनकपुर भ्रमण जैसी महत्वपूर्ण लीलाओं का मंचन किया जाएगा।
इस अवसर पर परिषद् की पूरी समिति के सदस्य एवं प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के अनेक पत्रकार भी उपस्थित रहे।
