कड़ाके की ठंड में बिड़ला कार्बन का मानवीय प्रयास, 1060 जरूरतमंदों को बांटे कंबल

0
IMG-20260104-WA0005

(आदित्य सोनी)

रेणुकूट (सोनभद्र)। कड़ाके की ठंड से जूझ रहे जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से नगर स्थित निजी औद्योगिक प्रतिष्ठान बिड़ला कार्बन द्वारा एक सराहनीय मानवीय पहल की गई। रविवार, 04 जनवरी 2026 को कंपनी के सीएसआर विभाग के तत्वावधान में दिसंबर एवं जनवरी माह में पड़ रही भीषण ठंड को ध्यान में रखते हुए कंबल वितरण का व्यापक अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत नगर के स्लम क्षेत्रों सहित आसपास के विभिन्न गांवों में रहने वाले गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद परिवारों को कुल 1060 कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन यूनिट हेड शिवशंकर सिंह एवं मानव संसाधन प्रमुख जीवन सिंह बोरा के दिशा-निर्देशन में किया गया।
सीएसआर टीम द्वारा चोपन और म्योरपुर ब्लॉक के कई गांवों में पहुंचकर जरूरतमंद लोगों को कंबल उपलब्ध कराए गए, जिससे उन्हें सर्द मौसम में राहत मिल सके। इसके अतिरिक्त समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
स्थानीय लोगों एवं लाभार्थियों ने इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि भीषण ठंड के समय इस प्रकार की सहायता उनके लिए अत्यंत राहतकारी है।
इस अवसर पर सीएसआर विभाग की निवेदिता मुखर्जी ने बताया कि बिड़ला कार्बन सामाजिक दायित्वों के प्रति सदैव संवेदनशील रहा है और भविष्य में भी जरूरतमंदों के कल्याण हेतु इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे।
कंबल वितरण अभियान के माध्यम से क्षेत्र में बिड़ला कार्बन की सामाजिक सहभागिता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदार कॉर्पोरेट नागरिकता का सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!