अंतरराज्यीय लकड़ी माफिया गिरोह पर बड़ी कार्रवाई, प्रतिबंधित सांखू लकड़ी से भरा ट्रक पकड़ा
*रेणुकूट उड़ाका दल व पिपरी रेंजर राघवेंद्र कुमार की टीम की सतर्कता से छत्तीसगढ़ से बिहार जा रहा ट्रक धर दबोचा, फॉरच्यूनर से हो रही थी रेकी*
(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)
रेणुकूट (सोनभद्र)। प्रभागीय वनाधिकारी कमल कुमार के कुशल निर्देशन में रेणुकूट उड़ाका दल प्रभारी एवं पिपरी रेंजर राघवेंद्र कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने अंतरराज्यीय लकड़ी माफिया गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित प्रजाति सांखू की लकड़ी से भरा एक ट्रक पकड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह ट्रक (UP 70 NT 9564) छत्तीसगढ़ से बिहार की ओर अवैध रूप से लकड़ी लेकर जा रहा था। उड़ाका दल को मुखबिर खास से सूचना मिलने के बाद टीम सुबह से ही ट्रक की निगरानी कर रही थी।
हालांकि मुरधवा मोड़ के पास ट्रक चालक टीम को चकमा देकर निकल गया, लेकिन सतर्क टीम ने पीछा जारी रखा और अंततः राबर्ट्सगंज मंडी के पास ट्रक को धर दबोचा।पकड़े गए ट्रक के चालक पंचम सिंह से लकड़ी से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ट्रक की रेकी एक फॉरच्यूनर वाहन से की जा रही थी, जिसमें सवार कुछ दबंग लोगों ने टीम की कार्रवाई में हस्तक्षेप करने का प्रयास किया।

टीम जब ट्रक को अपनी अभिरक्षा में लेकर रेणुकूट ले जाने का प्रयास कर रही थी, तब भी बाधा उत्पन्न की गई। इसके बाद स्थानीय रेंज के सहयोग से ट्रक को सुरक्षित रूप से सोनभद्र वन प्रभाग को सुपुर्द कर दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में उड़ाका दल के सदस्य वन दरोगा रवि यादव, छोटेलाल तथा वनरक्षक शैलेन्द्र यादव व हिमांशु मौर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
