दुद्धी ब्लॉक के विद्यालयों का शानदार प्रदर्शन, 69 स्कूल बने ‘निपुण विद्यालय’

0
IMG-20260321-WA0013

*निपुण भारत मिशन में सोनभद्र को प्रदेश में 10वां स्थान, तीन विद्यालयों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन से बनाई खास पहचान*

(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)

दुद्धी (सोनभद्र)। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना निपुण भारत मिशन के अंतर्गत जनपद सोनभद्र के दुद्धी ब्लॉक के विद्यालयों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस मिशन का उद्देश्य वर्ष 2026-27 तक प्रत्येक बच्चे को कक्षा 3 के अंत तक मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान में दक्ष बनाना है।

समग्र शिक्षा योजना के तहत संचालित इस अभियान में DLD प्रशिक्षुओं द्वारा दुद्धी ब्लॉक के कुल 191 विद्यालयों का निपुण आंकलन किया गया। इसमें से 69 विद्यालय निर्धारित मानकों पर खरे उतरते हुए ‘निपुण विद्यालय’ घोषित किए गए, जो ब्लॉक के लिए गर्व का विषय है।

विशेष रूप से दुद्धी क्षेत्र के तीन विद्यालयों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई—

प्राथमिक विद्यालय कर्री, दुद्धी – 91.67%

प्राथमिक विद्यालय बिच्छीडंडी, दुद्धी – 86.96%

प्राथमिक विद्यालय मालाडोढ़ा, दुद्धी – 86%

इन विद्यालयों ने अपने समर्पण, नवाचार और सतत प्रयासों के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है, जिससे न केवल दुद्धी ब्लॉक बल्कि पूरे जनपद और प्रदेश का मान बढ़ा है।

जनपद सोनभद्र ने इस अभियान में प्रदेश स्तर पर 10वां स्थान प्राप्त कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। इस सफलता का श्रेय दुद्धी के खंड शिक्षा अधिकारी श्री प्रेम शंकर राम, संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों—श्री रमेश कुमार, श्री जितेंद्र कुमार एवं श्रीमती अलका कौशिक—सहित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयास को जाता है।

यह उपलब्धि न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार का प्रमाण है, बल्कि अन्य विद्यालयों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!