रेणुकूट में नशा मुक्ति केंद्र का शुभारंभ, समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प
*हिंडालको जन सेवा ट्रस्ट व अभय ह्यूमन वेलफेयर सोसाइटी की पहल, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी*
(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)
रेणुकूट (सोनभद्र)। नगर के चाचा कॉलोनी के समीप गुरुवार को एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल के तहत नशा मुक्ति केंद्र का भव्य उद्घाटन किया गया। यह केंद्र हिंडालको जन सेवा ट्रस्ट एवं अभय ह्यूमन वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त प्रयास से स्थापित किया गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ वाराणसी जोन के एजी पीयूष मोर्डिया एवं हिंडालको के प्रबंध निदेशक सतीश पाई ने संयुक्त रूप से फीता काटकर तथा शिलापट्ट का अनावरण कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, ग्रामीण क्षेत्र के लोग एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में पीयूष मोर्डिया ने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक समस्या है, जो न केवल व्यक्ति बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे के शिकार व्यक्तियों को तिरस्कार करने के बजाय उन्हें सहयोग, परामर्श और सही दिशा देकर मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया जाना चाहिए।

वहीं सतीश पाई ने कहा कि वर्ष 1960 में रेणुकूट से कंपनी की शुरुआत हुई थी, इसलिए क्षेत्र के सामाजिक विकास में योगदान देना उनका नैतिक दायित्व है। उन्होंने इस नशा मुक्ति केंद्र को समाज के लिए एक उपयोगी और सराहनीय पहल बताते हुए विश्वास जताया कि इससे क्षेत्र को नशामुक्त बनाने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम में आईजी आर पी सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, हिंडालको के सीईओ समीर नायक, के. एन. पांडेय, जसबीर सिंह, निखिल यादव, अजय सिन्हा, अभय भार्गव तथा सीओ पिपरी हर्ष पांडेय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

नशा मुक्ति केंद्र के संचालन से क्षेत्र में नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों को नई दिशा और सहारा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। यह पहल समाज में जागरूकता बढ़ाने और नशामुक्त वातावरण तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
