भीषण गर्मी का असर: सोनभद्र में बदला स्कूलों का समय, सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक चलेंगी कक्षाएं
(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)
सोनभद्र। 20 अप्रैल 2026। जनपद में लगातार बढ़ रही गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए सभी विद्यालयों के समय में बदलाव कर दिया है। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह के निर्देश पर अब कक्षा 1 से 8 तक के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त तथा CBSE व ICSE बोर्ड के विद्यालय प्रातः 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगे।
इसी क्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह ने जानकारी दी कि कक्षा 9 से 12 तक के राजकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों में भी शिक्षण कार्य इसी निर्धारित समयावधि (सुबह 7:30 से दोपहर 12:00 बजे तक) में किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि भीषण गर्मी और लू से उन्हें सुरक्षित रखा जा सके। सभी विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे नए समय का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
