हीट वेव को लेकर प्रशासन सतर्क: विभागों को SOP तैयार करने के निर्देश, आमजन की सुरक्षा पर जोर
(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)
सोनभद्र। जनपद में बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए हीट वेव से बचाव के लिए ठोस तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है। आमजन को लू से बचाव के उपायों (क्या करें और क्या न करें) के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया है।
निर्देशों के अनुसार, सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे और विशेष रूप से मजदूरों व मनरेगा श्रमिकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। परिवहन विभाग को बस स्टैंड और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल, छाया एवं यात्रियों के लिए शेड/कूलिंग एरिया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा, बसों एवं अन्य वाहनों की नियमित जांच, ओवरलोडिंग पर सख्ती से रोक तथा सुचारु संचालन बनाए रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं, ताकि गर्मी के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आपात स्थिति में मरीजों के लिए त्वरित एम्बुलेंस और परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही ड्राइवर और कंडक्टर को हीट वेव से बचाव के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अपनी-अपनी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार कर 28 अप्रैल 2026 को आयोजित समीक्षा बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, ताकि हीट वेव से बचाव हेतु प्रभावी और समन्वित कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
