नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी की पुलिस से मुठभेड़, पैर में लगी गोली
(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)
रेणुकूट (सोनभद्र)। दिन गुरुवार 24 अप्रैल 2025 को थाना पिपरी क्षेत्रान्तर्गत खाड़पाथर गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी मंज़र खान ने पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश की। घटना के अनुसार, पुलिस पीड़िता के कपड़े बरामद करने के लिए आरोपी को घटनास्थल पर लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी मंज़र खान ने एक आरक्षी की बंदूक छीनकर भागने का प्रयास किया।
क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के निर्देशन में एवं इंस्पेक्टर नागेश सिंह पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को भागने का मौका नहीं मिला और जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
गौरतलब है कि मंज़र खान पर नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का आरोप है। मामले में पुलिस ने पहले ही मुकदमा दर्ज कर लिया था और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था को और भी सख्त कर दिया गया है।
