अनपरा बाजार में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, प्रशासन ने दिखाया सख्त रुख
(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)
अनपरा (सोनभद्र)। दिन शुक्रवार 25 जुलाई 2025 को जिलाधिकारी सोनभद्र के निर्देश पर अनपरा बाजार में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध शुक्रवार को एक सघन अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई राजस्व एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा की गई, जिसमें नायब तहसीलदार दुद्धी, अधिशासी अधिकारी अनपरा नगर पंचायत, प्रभारी निरीक्षक अनपरा तथा राजस्व निरीक्षक प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

अभियान के दौरान महावीर मंदिर से लेकर किड़िया मोहल्ला तक बाजार क्षेत्र में सड़क व सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। कई स्थानों पर दुकानों के आगे फुटपाथ व सड़क पर अवैध रूप से बनाए गए ठेले, टिन शेड, बांस-बल्लियों की संरचनाएं तथा अतिक्रमित सामान हटाया गया।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध भी जताया, लेकिन टीम ने सख्ती बरतते हुए सभी अतिक्रमण को तत्काल हटवाया।

इस अवसर पर मौजूद अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में यदि कोई दुकानदार या व्यक्ति पुनः अतिक्रमण करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे बाजार की सुव्यवस्था एवं आम जनता की सुविधा के लिए स्वयं ही अतिक्रमण न करें।
प्रशासन की इस कार्रवाई को स्थानीय लोगों ने सराहा और उम्मीद जताई कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा जिससे बाजार क्षेत्र में यातायात सुचारु होगा तथा आमजन को राहत मिलेगी।
