रेणुकूट के रवि सिंह ने थाईलैंड में रचा इतिहास, इंटरनेशनल ताईक्वानडो टूर्नामेंट में जीता ब्रॉन्ज़ मेडल
(आदित्य सोनी)
रेणुकूट (सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश जिले के रेणुकूट निवासी रवि सिंह, पुत्र महामाया प्रसाद सिंह, ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन किया है। हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर को-जेनरेशन विभाग में कार्यरत रवि सिंह ने पुरुष वर्ग के अंडर-58 किलो भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज़ मेडल अपने नाम किया।

यह उपलब्धि उन्हें थाईलैंड के पटाया शहर में 9-10 अगस्त 2025 को आयोजित 8वीं हीरोज़ ताईक्वानडो इंटरनेशनल चैम्पियनशिप में हासिल हुई, जिसमें दुनियाभर के 32 देशों के खिलाड़ी शामिल हुए थे।

रवि सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने टीम कोच हरप्रीत सिंह व राकेश कुमार, गुरुजनों, माता-पिता, हिण्डालको परिवार, टीम निशा बबलू सिंह (रेणुकूट) एवं विजय प्रताप सिंह को देते हुए कहा—
“देश के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा गर्व है। इस जीत के पीछे मेरे परिवार, गुरुजनों और हिण्डालको परिवार का सहयोग और आशीर्वाद है।
आप सबके विश्वास और समर्थन से ही यह सपना पूरा हुआ।”
रवि की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से उनके परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और हिण्डालको इंडस्ट्रीज के पूरे स्टाफ में खुशी की लहर दौड़ गई।
जिलेभर के लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
