रिहंद डेम के प्रदूषित पानी से परेशान तलहटी गांव के ग्रामीण

0
IMG-20260107-WA0008

*शुद्ध पेयजल के अभाव में बढ़ रही बीमारियां, महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित*

(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)

म्योरपुर (सोनभद्र)। दिन बुधवार 07 जनवरी 2026 को म्योरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़री के कई टोलों में शुद्ध पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। सरकार की महत्वाकांक्षी “हर घर नल से जल” योजना के बावजूद गांव में अब तक नल जल की सुविधा नहीं पहुंच सकी है। इसके चलते ग्रामीणों को मजबूरी में वर्षों से रिहंद डेम का पानी पीना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि रिहंद डेम का पानी साफ नहीं है। दूषित पानी के सेवन से बच्चों और बुजुर्गों सहित गांव के कई लोग पेट दर्द, दस्त, त्वचा संक्रमण जैसी बीमारियों से लगातार जूझ रहे हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब डेम का पानी अत्यधिक प्रदूषित हो जाता है और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

गांव की महिलाओं चंचला, पिंकी, सुनीता, लीलावती, खुशबू और अंजली ने बताया कि रिहंद डेम गांव से काफी दूर स्थित है। रोजाना पानी लाने में घंटों लग जाते हैं, जिससे उनका अधिकांश समय इसी कार्य में व्यतीत हो जाता है। इससे घर-गृहस्थी और बच्चों की देखभाल भी प्रभावित हो रही है।

वहीं ग्रामीण रामबली, रामसजीवन, संजय, मुनिलाल और दयाशंकर सहित दर्जनों लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित विभागीय अधिकारियों को इस गंभीर समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर जल्द से जल्द शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि गांव को इस विकराल जल संकट से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!