हिण्डाल्को रेणुकूट में सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता
*सड़क सुरक्षा माह का भव्य शुभारंभ, सुरक्षित यातायात का लिया गया संकल्प*
(आदित्य सोनी)
रेणुकूट (सोनभद्र)। रविवार 11 जनवरी 2026 को हिण्डाल्को रेणुकूट में सड़क सुरक्षा को लेकर एक सशक्त पहल करते हुए सड़क सुरक्षा माह का जोरदार शुभारंभ किया गया। हिण्डाल्को सदैव अपने कर्मचारियों एवं उनके परिवारों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता आया है, चाहे वह प्लांट के अंदर हो या सार्वजनिक सड़कों पर। इसी उद्देश्य के तहत कंपनी द्वारा कार्यस्थल से लेकर सड़क पर आवागमन तक सख्त सुरक्षा नियम बनाए गए हैं, जिनका पालन अनिवार्य है।
सड़क सुरक्षा माह के शुभारंभ अवसर पर हिण्डाल्को रेणुकूट के मुखिया श्री समीर नायक, क्लस्टर हेड–एचआर श्री जसबीर सिंह, एचआरबीपी हेड श्री अजय कुमार सिन्हा, स्मेल्टर हेड श्री जयेश पवार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा शपथ ली तथा सुरक्षा जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर श्री समीर नायक ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह मनाने का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि देश में सड़क दुर्घटनाओं के कारण होने वाली मृत्यु की संख्या अत्यधिक है, जिसे नियमों का पालन कर काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने सभी से अपील की कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं।
क्लस्टर हेड एचआर श्री जसबीर सिंह ने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति, ओवरटेकिंग, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने और बिना हेलमेट वाहन चलाने के कारण होती हैं। यदि इन बातों का ध्यान रखा जाए तो सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
एचआरबीपी हेड श्री अजय कुमार सिन्हा ने कहा कि वाहन चलाते समय वैध दस्तावेज साथ रखना और स्वयं व परिवार की सुरक्षा के लिए हेलमेट एवं अन्य सुरक्षा उपायों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।

सुरक्षा प्रमुख कर्नल रोहित शर्मा (सेवानिवृत्त) ने कहा कि सड़क सुरक्षा माह नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण अभियान है, क्योंकि परिवार का जिम्मेदार व्यक्ति आजीविका के लिए प्रतिदिन सड़क पर आवागमन करता है और उसकी सुरक्षा पूरे परिवार से जुड़ी होती है।
स्मेल्टर हेड श्री जयेश पवार ने कहा कि सड़क पर सुरक्षित यात्रा करना हम सभी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। हेलमेट पहनना, यातायात नियमों का पालन करना और सतर्कता बरतना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने इस सफल आयोजन के लिए सुरक्षा विभाग की टीम को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थितजनों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। सड़क सुरक्षा माह के आयोजन के संबंध में कार्यक्रम आयोजक एवं सुरक्षा विभाग के प्रबंधक मेजर देवेंद्र ओंकार (सेवानिवृत्त) ने बताया कि माह भर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, ड्राइविंग संबंधी प्रशिक्षण, कर्मचारियों के लिए सुरक्षा ब्रीफिंग, स्पॉट क्विज, ड्राइवरों के लिए नेत्र परीक्षण, सड़क सुरक्षा सामग्री का वितरण, तथा स्कूली बच्चों के लिए ड्राइंग, स्लोगन और क्विज प्रतियोगिताएं शामिल होंगी।
इस अवसर पर हिण्डाल्को के वरिष्ठ अधिकारी श्री जयश्री तिवारी, श्री हिमांशु श्रीवास्तव, श्री सुरेन्द्र तिवारी, श्री नितिन बरतारिया, श्री यशवंत कुमार सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं सुरक्षा विभाग के सभी सुरक्षाकर्मी उपस्थित रहे।
