हिण्डालको रेनुसागर में सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का भव्य आयोजन

0
IMG-20260122-WA0013

*सड़क सुरक्षा केवल अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है – मनीष जैन*

(जी.के. मदान/आदित्य सोनी)

अनपरा (सोनभद्र)। हिण्डालको रेनुसागर के यूनिट हेड श्री आर.पी. सिंह के दिशा-निर्देशन में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत आवासीय परिसर स्थित आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज, रेनुसागर के प्रांगण से सोमवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का भव्य आयोजन किया गया। रैली को मुख्य अतिथि संचालन विभाग के हेड श्री मनीष जैन एवं रोड एंड ड्राइविंग सेफ्टी टास्क फोर्स के अध्यक्ष श्री ललित खुराना ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य आमजन, विशेषकर विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित यातायात के महत्व को रेखांकित करना रहा।

मुख्य अतिथि श्री मनीष जैन ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर हम न केवल अपने जीवन की रक्षा कर सकते हैं, बल्कि दूसरों के जीवन को भी सुरक्षित बना सकते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा नशे की अवस्था में वाहन न चलाने जैसे नियमों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने छात्रों से अपने परिवार एवं समाज को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

श्री जैन ने हिण्डालको रेनुसागर द्वारा संचालित सड़क सुरक्षा अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रोड एंड ड्राइविंग सेफ्टी टास्क फोर्स अध्यक्ष श्री ललित खुराना के नेतृत्व में निकाली गई रैली आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज से प्रारंभ होकर आवासीय परिसर, रेनुसागर चिकित्सालय, इंजीनियरिंग हॉस्टल, श्याम सेवा मंडल एवं बिरला मार्केट होते हुए पुनः विद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई।

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी श्री विभु पात्रा, लेफ्टिनेंट कर्नल श्री सुरेश नारायनन, ईआर हेड श्री मृदुल भारद्वाज, श्री सदानंद पांडेय, हिण्डालको रेनुसागर के विभिन्न विभागाध्यक्ष, आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री बृजेश कुमार सिंह, रेनुसागर प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती सीमा दुबे सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं शिक्षणेतर कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन रोड एंड ड्राइविंग सेफ्टी टास्क फोर्स के कन्वीनर श्री मुकेश श्रीवास्तव द्वारा किया गया। वहीं ऑफ द जॉब सेफ्टी टास्क फोर्स के सदस्यों का योगदान भी सराहनीय रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!