गोमो स्टेशन पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मना पराक्रम दिवस, नेताजी सुभाषचंद्र बोस को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
*गोमो रेलवे स्टेशन पर पराक्रम दिवस के अवसर पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा/चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी एवं कर्मचारी।*
(जी.के. मदान/आदित्य सोनी)
धनबाद। दिन शुक्रवार 23 जनवरी 2026 को स्वतंत्रता सेनानी एवं आज़ाद हिंद फ़ौज के संस्थापक नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पराक्रम दिवस का भव्य आयोजन नेताजी सुभाषचंद्र बोस गोमो रेलवे स्टेशन, धनबाद मंडल, पूर्व मध्य रेलवे में श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशवासियों को संबोधित करते हुए नेताजी सुभाषचंद्र बोस के अदम्य साहस, पराक्रम और राष्ट्र के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण किया तथा उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत गोमो रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें नेताजी के जीवन, संघर्ष, आज़ाद हिंद फ़ौज के गठन, ऐतिहासिक घटनाओं तथा उनके प्रेरणादायक विचारों को चित्रों और प्रदर्शनों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी ने यात्रियों और युवाओं को नेताजी के विचारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया।

पराक्रम दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें देशभक्ति गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से नेताजी के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को जीवंत रूप में दर्शाया गया।

कार्यक्रम में माननीय श्री संजय चौधरी (आई.एन.ए. ट्रस्टी मेंबर), माननीय सांसद श्री ढुलू महतो, माननीय सांसद श्री चंद्र प्रकाश चौधरी, माननीय विधायक श्री मथुरा प्रसाद महतो, मंडल रेल प्रबंधक श्री अखिलेश मिश्र, श्री विभूति भूषण पांडे (प्रधानाचार्य, केंद्रीय विद्यालय गोमो) सहित अन्य गणमान्य अतिथियों, रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा हेतु कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
पराक्रम दिवस का यह आयोजन यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों एवं युवाओं के लिए साहस, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरणा देने वाला सिद्ध हुआ
