⚖️ अधिवक्ता से मारपीट के विरोध में उबाल
*रॉबर्ट्सगंज में वकीलों का जोरदार प्रदर्शन, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग*
(जी.के. मदान/ आदित्य सोनी)
रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र)। रविवार 01 फरवरी 2026 को लोढ़ी टोल प्लाजा पर एक अधिवक्ता के साथ टोल कर्मियों द्वारा की गई कथित मारपीट की घटना के विरोध में सोमवार को सोनभद्र जिला मुख्यालय रावटसगंज में अधिवक्ताओं का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा।

घटना से आक्रोशित जिले भर के अधिवक्ता बड़ी संख्या में एकत्र हुए और जुलूस निकालते हुए बड़ोली चौराहे तक पहुंचे, जहां उन्होंने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषी टोल कर्मियों के खिलाफ तत्काल गिरफ्तारी एवं सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

अधिवक्ताओं ने दो टूक कहा कि कानून के रक्षकों के साथ इस तरह की बर्बरता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र और कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, वहीं प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए रहे ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
📢 न्याय की मांग को लेकर अधिवक्ताओं की एकजुटता ने पूरे शहर का ध्यान इस गंभीर घटना की ओर आकर्षित किया है और प्रशासन पर त्वरित कार्रवाई का दबाव बढ़ा दिया है।
