सड़क सुरक्षा में मिसाल बने हिंडालको रेनुसागर के विद्यार्थी, परिवहन विभाग ने किया सम्मानित

0
IMG-20260203-WA0014

(जी.के. मदान/आदित्य सोनी)

अनपरा (सोनभद्र)। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत परिवहन विभाग, सोनभद्र द्वारा डायट परिसर में आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में हिंडालको रेनुसागर के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रभावी भागीदारी निभाकर विशेष पहचान बनाई। “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” विषय पर जागरूकता फैलाने में सराहनीय योगदान देने वाले विद्यार्थियों को परिवहन विभाग द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल रेनुसागर, आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज रेनुसागर तथा रेनुपावर प्राथमिक पाठशाला के छात्र-छात्राओं को सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश्वर यादव द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री यादव ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक हैं और यदि सड़क सुरक्षा की समझ बचपन से विकसित हो जाए, तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
उन्होंने हिंडालको रेनुसागर के विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छात्र समाज में सकारात्मक परिवर्तन के सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, गति सीमा के पालन तथा नशे की अवस्था में वाहन न चलाने जैसे नियमों का कड़ाई से पालन करने का आह्वान किया।
श्री यादव ने कहा कि सड़क सुरक्षा की अलख जगाने में छात्र-छात्राएँ समाज के सबसे सशक्त संदेशवाहक हैं और हिंडालको रेनुसागर के विद्यार्थियों का योगदान वास्तव में प्रशंसनीय है।
इस सम्मान से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा तथा सड़क सुरक्षा के प्रति उनके संकल्प को नई ऊर्जा मिली।
“जीवन रक्षा का संदेश, छात्रों की भागीदारी—हिंडालको रेनुसागर को सम्मान” पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए हिंडालको रेनुसागर के यूनिट हेड आर.पी. सिंह ने विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं सड़क सुरक्षा अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे रोड एवं ड्राइविंग सेफ्टी टास्क फोर्स के अध्यक्ष ललित खुराना, सेफ्टी हेड अरविंद सिंह तथा टास्क फोर्स के कन्वेनर मुकेश श्रीवास्तव को बधाई देते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!