तेलगुड़वा मार्ग पर बड़ा हादसा टला, बस पेड़ से टकराई—एक की मौत, कई घायल

0
IMG-20260206-WA0001

(जी.के. मदान/आदित्य सोनी)

कोन (सोनभद्र)। कोन थाना क्षेत्र के बैकुंठ इलाके में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेलगुड़वा से कोन की ओर जा रही यात्रियों से भरी एक बस अचानक स्टीयरिंग फेल हो जाने के कारण अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खाई की ओर बढ़ने लगी। इसी दौरान बस एक पेड़ से टकरा गई, जिससे वह खाई में गिरने से बच गई।

बताया जा रहा है कि बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, वहीं एक 65 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान मखानु, निवासी डालटनगंज, झारखंड के रूप में हुई है, जो अपने रिश्तेदारों से मिलने कोन आया हुआ था।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस को सूचना दी और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोन पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। हादसे के चलते कोन–तेलगुड़वा मार्ग पर लगा जाम भी पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!