रेणुकूट में महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, निकली भव्य शिव बारात— जगह-जगह हुआ जोरदार स्वागत

0
IMG-20260216-WA0009

(आदित्य सोनी)

रेणुकूट (सोनभद्र)। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर पूरा नगर शिवमय हो उठा। “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष और भक्तिमय वातावरण के बीच पूर्वांचल श्री राम सेना के तत्वावधान में भव्य एवं विशाल शिव बारात निकाली गई। यह आकर्षक शोभायात्रा मुर्धवा से प्रारंभ होकर रेणुकूट नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई पिपरी चौराहे तक संपन्न हुई।

शिव बारात के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर, आरती उतारकर तथा प्रसाद वितरण कर बारात का भव्य स्वागत किया। पूरे मार्ग पर आस्था, उत्साह और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

पिपरी फायर स्टेशन स्थित हनुमान मंदिर परिसर में शिव बारात का विशेष एवं भावपूर्ण स्वागत किया गया। यहां विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इस अवसर पर फायर स्टेशन स्थित शिव मंदिर में पंडित वीर विक्रम नारायण पांडे “गुरुदेव” द्वारा विधि-विधान से रुद्राभिषेक कराया गया। रुद्राभिषेक के यजमान के रूप में मंदिर के पुजारी लल्लन झा एवं उनकी धर्मपत्नी उपस्थित रहीं। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और वातावरण पूरी तरह भक्तिरस में सराबोर रहा।

आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पांडे, इंस्पेक्टर प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, रेणुकूट चौकी प्रभारी संजय सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस प्रशासन की सतर्कता के चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ।

देर रात तक भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और शिव नाम के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। महाशिवरात्रि के इस भव्य आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त किया, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का भी सुंदर संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!