मां भगवती का विशाल जागरण एवं भंडारे का भव्य आयोजन पिपरी में संपन्न
(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)
पिपरी (सोनभद्र)। दिन सोमवार 07 अप्रैल 2025 को पिपरी स्थित मां काली मंदिर जीआईसी रोड पिपरी के प्रांगण में रामनवमी के पावन उपलक्ष्य में मां भगवती का विशाल जागरण एवं भंडारे का भव्य आयोजन महिला एवं युवा संगठन समिति मां काली मंदिर पिपरी द्वारा किया गया। यह आयोजन पिछले 26 वर्षों से निरंतर सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है, जो नगरवासियों के सहयोग से संभव हुआ है।

जागरण की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, इसके बाद सोनभद्र के सुपरहिट भजन गायक सुशील जौहरी के नेतृत्व में जागरण पार्टी ने भव्य प्रस्तुति दी। “चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है” जैसे भजनों पर भक्त झूम उठे और मां भगवती के जयकारे लगाए।

कलाकारों ने रात भर मां काली, भोलेनाथ, बजरंगबली और राधा कृष्ण के भजनों से भक्तों को मंत्रमुग्ध किया। वीर हनुमान, श्री कृष्ण और मां काली की झांकी देखकर भक्त मंत्रमुग्ध हो गए।

रात्रि के इस आध्यात्मिक उत्सव के दौरान सैकड़ों भक्तों ने मंदिर प्रांगण में आयोजित भंडारे का स्वादिष्ट प्रसाद ग्रहण किया।
ध्यानु भक्त और माता तारा रानी की कथा के पश्चात तारों की छांव में मां रानी की मंगल आरती का आयोजन किया गया। इसके बाद हलवे चनों का भोग अर्पित किया गया और कन्या पूजन विधिपूर्वक संपन्न किया गया।

अंत में, भक्तों को हलवे चनों का प्रसाद वितरित किया गया। समिति के सदस्यों ने नगरवासियों का आभार प्रकट किया कि उनके सहयोग से मां काली के दरबार में पिछले 26 वर्षों से इस भव्य जागरण एवं भंडारे का आयोजन संभव हो सका है।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि नगरवासियों के बीच एकता और सौहार्द का भी उदाहरण प्रस्तुत करता है।
