सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत, टैंकर ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर–पिपरी पुलिस ने चालक को किया गिरफ्तार
(आदित्य सोनी)
पिपरी (सोनभद्र)। दिन सोमवार 30 जून 2025 को पिपरी थाना क्षेत्र के गाढ़ा बैरियर के पास सोमवार को एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी भीषण थी कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार और बेकाबू टैंकर ने सामने से आ रही बाइक को सीधी टक्कर मार दी। इस टक्कर में बाइक सवार 26 वर्षीय पंकज कुमार पुत्र द्वारिका प्रसाद, निवासी बैंकट मोड़, अनपरा और सोनू पुत्र शिवकुमार, निवासी बासौरा, मध्यप्रदेश की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक किसी काम से कुआरी गांव आए थे और वापसी के दौरान यह भीषण हादसा हो गया।

हृदय विदारक इस दुर्घटना ने मृतक पंकज के परिवार पर गहरा असर डाला है। पंकज अपने पीछे दो वर्षीय बेटी और सात महीने का बेटा छोड़ गए हैं। दुर्घटना के बाद टैंकर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, लेकिन तत्परता दिखाते हुए पिपरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टैंकर का पीछा किया और रेणुकूट में उसे पकड़ लिया। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेने के साथ चालक को भी हिरासत में ले लिया है।
दोनों शवों को घटनास्थल से हटाकर हिंडाल्को अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

इस संबंध में पिपरी थाने के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह दुर्घटना न केवल ट्रैफिक नियमों की अनदेखी का परिणाम है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि तेज रफ्तार वाहन कैसे एक झटके में दो परिवारों को उजाड़ सकते हैं। प्रशासन से मांग है कि दुर्घटनास्थल पर यातायात नियंत्रण के उपाय किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
