एनटीपीसी सिंगरौली को मिला नया नेतृत्व– संदीप नायक ने कार्यकारी निदेशक का कार्यभार संभाला
(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)
सिंगरौली। दिन सोमवार 04 अगस्त 2025 को एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना को नया नेतृत्व मिल गया है। संदीप नायक ने कार्यकारी निदेशक (Executive Director) के रूप में परियोजना का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। वे एनटीपीसी के एक वरिष्ठ और अनुभवी अधिकारी हैं, जिनके पास ऊर्जा क्षेत्र में तीन दशकों से भी अधिक का समृद्ध अनुभव है।

श्री नायक ने वर्ष 1989 में एनटीपीसी में कार्यकारी प्रशिक्षु (ET) के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने विंध्याचल, नोएडा, नई दिल्ली और कहलगांव जैसी प्रमुख परियोजनाओं में विभिन्न पदों पर कार्य किया है। ऑपरेशन, कॉमर्शियल एवं कंसल्टेंसी जैसे प्रमुख विभागों में उनके योगदान ने संगठन की रणनीतिक दिशा को मजबूती प्रदान की है।

वे मैकेनिकल इंजीनियरिंग में वर्ष 1989 में गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, जबलपुर से स्नातक हैं।
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत अपने स्वागत संबोधन में श्री नायक ने कहा कि सुरक्षा प्रणाली की मजबूती, प्लांट प्रचालन की दक्षता, तृतीय चरण विस्तार परियोजना की प्रगति, पर्यावरणीय मानकों का पालन और सामाजिक विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताएं रहेंगी।

उन्होंने एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान प्लांट से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर गहन चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने यूनियन और एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों से संवाद कर कर्मचारियों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान का आश्वासन भी दिया।
एनटीपीसी सिंगरौली में श्री नायक का आगमन संगठन के लिए नई ऊर्जा और नेतृत्व की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
