हिण्डाल्को रेणुकूट में उल्लासपूर्वक मनाया गया 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह

0
IMG-20260127-WA0035

(आदित्य सोनी)

रेणुकूट (सोनभद्र)। 26 जनवरी विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी हिण्डाल्को रेणुकूट में 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। हिण्डाल्को फुटबॉल मैदान पर आयोजित भव्य समारोह में मुख्य अतिथि हिण्डाल्को के मुखिया श्री समीर नायक ने ध्वजारोहण कर उपस्थित जनसमुदाय को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम के दौरान आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल एवं आदित्य बिड़ला इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत बैंड की मनमोहक धुनों के बीच कर्नल रोहित शर्मा (सेनि.) एवं देवेन्द्र ओंकार (सेनि.) के नेतृत्व में एन.सी.सी. कैडेट्स एवं सुरक्षा जवानों की परेड की सलामी मुख्य अतिथि द्वारा ग्रहण की गई।

इस अवसर पर श्री समीर नायक ने सभी महापुरुषों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर शहीदों एवं देश के वीर जवानों को नमन करते हुए कहा कि उनकी कुर्बानियों को स्मरण करते हुए हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं मेहनत के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा देश और संस्थान की प्रगति में सक्रिय सहभागिता निभाएँ। यही शहीदों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने संस्थान के कर्मचारियों द्वारा लगन, प्रतिबद्धता एवं समर्पण के साथ किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए हिण्डाल्को को विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त सम्मानों एवं पुरस्कारों के लिए सभी सहकर्मियों को बधाई दी।

समारोह में हिण्डाल्को द्वारा संचालित आदित्य बिड़ला पब्लिक स्कूल, आदित्य बिड़ला इंटर कॉलेज, हिण्डाल्को प्राइमरी स्कूल यूनिट-2 एवं यूनिट-3 तथा महिला मंडल स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। वहीं प्लांट की ओर से समसामयिक विषयों पर आधारित आकर्षक झांकी भी निकाली गई।

इसके अतिरिक्त सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता एवं प्रतिबद्धता दर्शाते हुए उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने सड़क सुरक्षा शपथ भी ली। कार्यक्रम के अंत में सिक्योरिटी विभाग एवं रिडक्शन प्लांट की टीमों के मध्य रस्साकसी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें रिडक्शन प्लांट की टीम विजेता रही।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कर्मचारियों तथा अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए मुख्य अतिथि श्री समीर नायक द्वारा क्लस्टर मानव संसाधन प्रमुख श्री जसबीर सिंह, उपाध्यक्ष मानव संसाधन श्री अजय सिन्हा, उपाध्यक्ष फैब्रिकेशन श्री हिमांशु श्रीवास्तव एवं उपाध्यक्ष स्मेल्टर श्री हंसराज सिंह की उपस्थिति में सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन श्री वेद प्रकाश द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन श्री अजय सिन्हा ने प्रस्तुत किया। समारोह में संस्थान के कर्मचारी, मान्यता प्राप्त श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में रेणुकूटवासी एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

समारोह के उपरांत मुख्य अतिथि श्री समीर नायक, श्री जसबीर सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हिण्डाल्को अस्पताल पहुँचकर वार्ड में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरित किए तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस अवसर पर हिण्डाल्को हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अजय गुगलानी ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!