नव निर्मित हनुमान मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ
*अखंड रामायण पाठ के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई*
(आदित्य सोनी)
पिपरी (सोनभद्र)। दिन गुरुवार 29 जनवरी को तुर्रा पिपरी स्थित माँ काली मंदिर परिसर में नव निर्मित हनुमान मंदिर में भगवान श्री हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर धार्मिक आस्था एवं श्रद्धा से ओत-प्रोत वातावरण में अखंड रामायण पाठ के साथ भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। कलश यात्रा माँ काली मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होती हुई यज्ञ स्थल तक पहुँची।

कलश यात्रा के दौरान “जय श्रीराम” के गगनभेदी उद्घोष, ढोल-नगाड़ों की गूंज एवं भक्ति संगीत से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता की, वहीं पुरुष वर्ग भगवा ध्वज के साथ अग्रिम पंक्ति में चलता दिखाई दिया।
आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना के पश्चात अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ किया गया। धार्मिक आयोजन के चलते क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

कार्यक्रम के अंतर्गत मंदिर परिसर में भजन संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने भक्तिमय प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आयोजन समिति के संचालक श्री शम्भु पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि
दिनांक 30 जनवरी 2026 को श्री हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधान से संपन्न कराई जाएगी। इसके उपरांत भंडारे का आयोजन दोपहर 03 बजे से रात्रि 10 बजे तक किया जाएगा, जिसमें समस्त श्रद्धालु सादर आमंत्रित हैं।
