अनपरा के ऐतिहासिक महावीरी झांकी जुलूस में उमड़ा जनसैलाब, डीजे की धुन पर झूमे हजारों श्रद्धालु

0
IMG-20260310-WA0010

*आकर्षक झांकियों, जयकारों और पारंपरिक करतबों से गूंजा अनपरा बाजार मार्ग, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ जुलूस।*

(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)
अनपरा (सोनभद्र)। अनपरा क्षेत्र में आयोजित ऐतिहासिक महावीरी झांकी जुलूस इस वर्ष भी पूरे उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। जुलूस में शामिल हजारों श्रद्धालु डीजे की धुन पर झूमते और थिरकते नजर आए। “जय श्रीराम” और “जय बजरंगबली” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
जुलूस में भगवान हनुमान, मां काली, राधा-कृष्ण, भगवान शंकर, औघड़ भूत-प्रेत, राधा रानी, भगवान कृष्ण सहित अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां निकाली गईं। इन झांकियों को देखने के लिए अनपरा बाजार मार्ग के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही। जुलूस में महिलाओं, युवाओं और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, जो डीजे की धुन पर नाचते-गाते जुलूस के साथ आगे बढ़ते रहे।
महावीर चौराहा पर कलाकारों, डमरू वादकों और अखाड़ों के कलाकारों ने अपने पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जुलूस के दौरान जगह-जगह स्वागत मंच, जलपान और शरबत की व्यवस्था की गई थी, जहां सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। केंद्रीय कमेटी अनपरा द्वारा भी जलपान और भोजन की व्यवस्था कराई गई थी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाथीनाला, पिपरी, बीजपुर, शक्तिनगर, बभनी, अनपरा, बीना और रेणुसागर क्षेत्रों की पुलिस के साथ पीएसी और प्रशासनिक अधिकारी भी पूरी तरह सतर्क रहे। प्रशासन की निगरानी में जुलूस शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से अपने निर्धारित मार्ग से होकर संपन्न हुआ।
अनपरा का महावीरी झांकी जुलूस क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक माना जाता है, जिसे देखने और इसमें भाग लेने के लिए हर वर्ष हजारों लोग उत्साह के साथ शामिल होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!