मोहर्रम पर रेणुकूट में पारंपरिक ताजिया जुलूस, करबला की शहादत को किया गया याद

0
IMG-20250706-WA0040

(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)

रेणुकूट (सोनभद्र)। दिन रविवार 06 जुलाई 2025 को मोहर्रम के पावन अवसर पर रविवार को रेणुकूट एवं पिपरी में मुस्लिम समुदाय द्वारा परंपरागत रूप से ताजिया का जुलूस निकाला गया। शहीदाने कर्बला की याद में अकीदतमंदों ने पूरे एहतराम और अकीदत के साथ ताजिया निकालते हुए करबला की शहादत को श्रद्धांजलि दी।

ताजियादारों का जुलूस रेणुकूट-पिपरी मुख्य मार्ग होते हुए रेणुकूट पुलिस चौकी से निकल कर करबला तक पहुंचा। पूरे मार्ग पर “या हुसैन”, “या अब्बास” और “नारे तकबीर – अल्लाहु अकबर” की सदाएं गूंजती रहीं। नौजवानों ने मटमी धुनों पर पारंपरिक अखाड़ा खेलते हुए अपनी कला का प्रदर्शन किया। ढोल-ताशों की गूंज और जुलूस की भव्यता से ऐसा प्रतीत हुआ मानो मैदान-ए-कर्बला की तस्वीर साकार हो उठी हो।

मासूम अली असगर की शहादत को याद कर अकीदतमंद भावुक नजर आए। महिलाओं ने ताजिया की जियारत कर दुआएं मांगी, वहीं बच्चे भी पूरे जोश और श्रद्धा के साथ इस जुलूस में शरीक हुए।

जुलूस के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पिपरी थाना प्रभारी सत्येंद्र राय और रेणुकूट चौकी प्रभारी राजेश जी चौबे अपनी पुलिस टीम के साथ पूरे समय मुस्तैदी से तैनात रहे।

इस अवसर पर शेख जलालुद्दीन, नौशाद अंसारी, अजीम खान, आफताब अहमद, अख्तर अली, अकबर अंसारी, तेजू अंसारी, हसन उर्फ नाटे, जहागीर खान, राज खान, टीपू वारसी, इसराइल अंसारी, इजहार वारसी, आमीन अंसारी सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने सहभागिता निभाई। जगह-जगह अकीदतमंदों के लिए खिचड़ा एवं जलपान की व्यवस्था भी की गई, जिससे सामुदायिक एकता और सेवा की भावना देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!