रामनवमी शोभायात्रा को लेकर पिपरी थाने में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

0
IMG-20260308-WA0001

*शोभायात्रा में हथियारों के प्रदर्शन पर सख्त रोक, निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने के निर्देश*

(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)

पिपरी (सोनभद्र)। नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित होने वाली रामनवमी शोभायात्रा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार, 7 मार्च को थाना पिपरी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना पिपरी के क्राइम इंस्पेक्टर हरेंद्र यादव ने की।

बैठक में उपनिरीक्षक दिलीप सिंह, रीता सिंह, नवनीत कुमार चौरसिया, नगर पंचायत पिपरी के अध्यक्ष दिग्विजय प्रताप सिंह, रेणुकूट एवं पिपरी नगर पंचायत के सभासदगण, जामा मस्जिद कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, रामनवमी शोभायात्रा के आयोजक, नगर के गणमान्य नागरिक, पत्रकार बंधु तथा विद्युत विभाग के अवर अभियंता उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए क्राइम इंस्पेक्टर हरेंद्र यादव ने कहा कि रामनवमी शोभायात्रा आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ निकाली जाए तथा सभी लोग कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने आयोजकों से निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शोभायात्रा के दौरान कोई भी व्यक्ति हथियार, तलवार या किसी भी प्रकार के असलहे का प्रदर्शन नहीं करेगा। यदि कोई ऐसा करते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया, ताकि रामनवमी का पर्व क्षेत्र में शांति, सौहार्द और उल्लास के साथ मनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!